Sunday, 30 May 2021

success story

आंखों में नींद बहुत है... पर सोना नहीं है.. राहों में समस्या बहुत है... पर घबराना नहीं है... हम उनमें से नहीं जो मंजिल पर पहुंचने से पहले लौट आए... हम वो शख्सियत है गर कुछ ठान ले तो उसे पाने के लिए रात दिन एक कर जाए।

साथियों जैसा की आप सभी अवगत हैं कि कुछ मोटिवेशन संदेश हमें निश्चित रूप से कुछ करने के लिए प्रेरणा देती हैं और जब हम किसी बड़े लक्ष्य प्राप्ति के लिए कार्य करते हैं तब यह संदेश और भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं। आखिर मोटिवेशन संदेश हमारे जीवन में क्यों इतना खास भूमिका निभाती है?  इसका  एक ही कारण है कि यह हमारे आत्मबल को एक नई ऊर्जा के साथ हमें एक विश्वास के मार्ग को भी प्रदान करती है कि हम अवश्य ही यदि सकारात्मक भाव से परिश्रम करें तो कठिन से कठिन मुकाम को प्राप्त कर सकते हैं।
 साथियों विश्वास नहीं करेंगे मैं स्वयं भी कुछ ऐसे लक्ष्य को निर्धारित करती हूं जो सोचने के पहले मुझे लगता है कि क्या यह संभव है? लेकिन दूसरी तरफ अपने दिल से कहती  हूं कि यदि तुम चाहो तो अवश्य ही कर सकती हो। और शीघ्र ही मैं उस कठिन से कठिन लक्ष्य को बहुत ही आसानी से प्राप्त कर लेती हूं।

 आप दुनिया के जितने भी प्रसिद्ध व्यक्तित्व को देखेंगे यह महसूस करेंगे कि जितने भी अपने लक्ष्य प्राप्ति के लिए रात दिन एक किये है ,वह अवश्य ही सफलता प्राप्त कियाे है।आज आप सभी के बीच एक ऐसे ही सफल व्यक्तित्व की स्टोरी आप सभी के बीच ला रही हूं ताकि आप भी अपनी ऊर्जा को आगे बढ़ाएं और अवश्य ही अपने सफलता के लिए सतत रूप से सही दिशा में कार्य करें -
एक बहुत ही गरीब विद्यार्थी था, उसे खाना खाने के लिए भी बहुत संघर्ष करना पड़ता था. दो वक्त की रोटी भी उसे सही से नसीब नहीं हो रही थी. वो लड़का बहुत ही मेहनती था, बिना किसी के सहायता लिए वह अपने स्कूल की फीस जमा किया करता था. वह भले ही एक समय खाना न खाता पर अपने किताबें भी वह स्वयं ही खरीदता था..

उसके सारे साथी उससे बहुत ही ज्यादा जलते थे. एक दिन उनके मित्रों ने उस लड़के पर एक लांछन लगाना चाहा और उसे झूठे आरोप में फसाने का उन्होंने फैसला किया.. एक दिन स्कूल की प्राचार्य अपने कक्ष में बैठे हुए थे तभी वे सब बच्चे उस लड़के की शिकायत लेकर वहाँ पहुँचे और प्राचार्य जी से बोले- यह लड़का रोज कहीं से पैसे चुराता है और चुराए पैसों से अपने स्कूल का फीस जमा करता है. कृपया आप इसे सजा दें!

प्राचार्य ने उस लड़के से पुछा- क्या जो ये सब बच्चे बोल रहे हैं वो सच है बेटे?

लड़का बोला- प्राचार्य महोदय, मैं बहुत निर्धन परिवार से हूँ, एक गरीब हूँ लेकिन मैंने आजतक कभी चोरी नहीं की.. मैं चोर नहीं हूँ!

प्राचार्य ने उस लड़के की बात सुनी और उसे जाने के लिए कहा..

लेकिन सारे बच्चों ने, प्राचार्य से निवेदन किया कि इस लड़के के पास इतने पैसे कहाँ से आते हैं इसका पता लगाने के लिए कृपया जाँच की जाये..

प्राचार्य ने जब जाँच किया तो उन्हें पता चला कि वह स्कूल के खाली समय में एक माली के यहाँ सिंचाई का काम करता है और उसी से वह कुछ पैसे कमा लेता है जो उसके फीस भरने के काम आ जाता है.

अगले ही दिन प्राचार्य ने उस लड़के को और अन्य सभी बच्चों को अपने कक्ष में बुलाया और उस लड़के की तरफ देखकर उन्होंने उससे प्यार से पुछा – “बेटा! तुम इतने निर्धन हो, अपने स्कूल की फीस माफ क्यों नहीं करा लेते?”

उस निर्धन बालक ने स्वाभिमान से उत्तर दिया- “श्रीमान, जब मैं अपनी मेहनत से स्वयं को सहायता पहुंचा सकता हूँ, तो मैं अपनी गिनती असमर्थों में क्यों कराऊँ? कर्म से बढ़कर और कोई पूजा नहीं होती, ये मैंने आपसे ही सिखा है!

छात्र के बात से प्राचार्य महोदय का सिर गर्व से ऊँचा हो गया, और बाकि बच्चे जो उस लड़के को गलत साबित करने में लगे थे उनको भी बहुत पछतावा हुआ और उन्होंने उससे माफी मांगी..

मेहनत करके अपने दम पर कमाने में विश्वास रखने वाला वह निर्धन बालक था – सदानंद चट्टोपाध्याय.. बड़ा होने पर ठीक बीस वर्षों बाद इन्हें बंगाल के शिक्षा संगठन के डायरेक्टर का पद सौंपा गया था.. उन्होंने एक बहुत अच्छी बात हम सबको सिखाई कि “मेहनती और सच्चे ईमानदार व्यक्ति हमेशा ही सफलता के ऊँचे शिखर पर चढ़ जाते हैं, और एक दिन अपने कठिन परिश्रम के बदौलत संसार भर में अपना नाम की छाप छोड़ जाते हैं”

 साथियों सफलता-असफलता का अपना-अपना पड़ाव होता है, हम हमेशा इसी बात पर अपना ध्यान केंद्रित करें कि क्या हम पूरे मन से परिश्रम कर रहे हैं, जब तक हम कठिन परिश्रम नहीं करेंगे, धुप में नहीं तपेंगे, सर्दी में नहीं ठिठुरेंगे तब तक कोई भी मुकाम हमसे बहुत दूर होगा और यदि हमें अपने लक्ष्य के करीब पहुंचना है तो संघर्ष और मेहनत करने से कभी मत चूकिए.. आप भी मेहनती बनिए, ईमानदार बनिए और सफलता के ऊंचे शिखर पर चढ़ जाइए. एक बात आप मान लीजिए जो भी परिश्रम करता है फल अवश्य ही प्राप्त करता है ।कभी भी पढ़ाई व्यर्थ नहीं जाता। परिश्रम सदैव ही हमें कंपाउंड रिजल्ट देता है। 

आप सभी को ढेर सारी शुभकामनाएं- सीमा गुप्ता 

Sunday, 7 March 2021

women excellence award

आप सभी  के असीम आशीर्वाद स्नेह एवं सहयोग से आज मुझे विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों के फलस्वरुप आज मुझे विमेन एक्सीलेंस अवॉर्ड 2021 से सम्मानित किया गया।आप सभी को दिल से बहुत-बहुत धन्यवाद।🙏🙏

Saturday, 16 January 2021

अफ्रीका महाद्वीप -विश्व का भूगोल

एशिया के बाद सबसे बड़ा महाद्वीप अफ्रीका है अर्थात विश्व का द्वितीय सबसे बड़ा महाद्वीप अफ्रीका महाद्वीप है ।जबकि प्रथम सबसे बड़ा महाद्वीप एशिया है। अफ्रीका को पठारो का महाद्वीप भी कहते हैं। पृथ्वी के संपूर्ण स्थल क्षेत्र का 20% अफ्रीका में है। लेकिन इसकी जनसंख्या भारत की जनसंख्या के लगभग 3/ 5 भाग है। अफ्रीका महाद्वीप उष्ण कटिबंध और शीतोष्ण कटिबंध में स्थित है। अफ्रीका महाद्वीप यूरोप से भूमध्य सागर द्वारा तथा एशिया से अरब सागर द्वारा अलग होता है फिर भी यह तीनों स्थानों पर यूरेशिया महाद्वीप के बहुत ही निकट है।

 उल्लेखनीय है कि उत्तर पश्चिम में जिब्राल्टर जलसंधि उत्तर-पूर्व में स्वेज नहर तथा पूर्व में बावल  एल मंडेव जलसंधि से यह यूरेशिया से निकट है।
 
भूमि- 
अफ्रीका में कई पठार हैं। लगभग पूरा अफ्रिका एक विशाल पठार जैसा दिखाई पड़ता है।विषुवत  रेखा के निकट पठार के पूर्वी भाग में कुछ ज्वालामुखी पर्वतों के शिखर विद्यमान हैं और यहीं पर अफ्रीका का सबसे ऊंचा शिखर स्थित है । अफ्रीका का सर्वोच्च शिखर किलिमंजारो पर्वत यही है और यह वर्ष भर हीम से ढका रहता है। अफ्रीका के उत्तर पश्चिम में एटलस पर्वत श्रेणी का विस्तार है और इसके दक्षिण पूर्वी भाग में  ड्रैकेसबरग पर्वत का विस्तार है। अफ्रीका का एक विशेष भौतिक विशेषता यहां की महान भ्रंश घाटी है और यह भ्रंश घाटी यहा धरातल में दरार या भ्रंश पडने से बनी लंबी और गहरी घाटियां हैं। यह लंबी श्रृंखला में है जो मलावी झील के दक्षिण से उत्तर में लाल सागर ,स्वेज की खाड़ी और अकाबा की खाड़ी से होते हुए मृत सागर तक विस्तृत है। विक्टोरिया झील अफ्रीका की सबसे बड़ी झील है। नील नदी इसी झील से निकलती है। उल्लेखनीय है कि नील नदी संसार की सबसे लंबी नदी है ।नील नदी विषुवत वृत्त के निकट के भारी वर्षा वाले क्षेत्रों से निकलकर उत्तर की ओर बहती है और भूमध्य सागर में गिरती है। अफ्रीका की दूसरी मुख्य नदी  जायरे  हैं जो मध्य अफ्रिका में बहती है इसे इसके अंतिम भाग में कांगो नाम से भी जाना जाता है ।अफ्रीका के पश्चिम भाग में नाइजर नदी तथा दक्षिण भाग में जंबेजी और ऑरेंज अन्य महत्वपूर्ण नदियां हैं। अफ्रीका के नील और जायरे नदी को छोड़ दिया जाए तो अफ्रीका की कोई दूसरी नदिया नाव  चलाने के योग्य नहीं है। अफ्रीका का लगभग एक तिहाई भाग मरुस्थल है। सहारा संसार का सबसे बड़ा मरुस्थल है और यह उत्तरी अफ्रीका में विस्तृत है। दक्षिण अफ्रीका में कालीहारी दूसरा महत्वपूर्ण मरुस्थल है।

जलवायु और प्राकृतिक वनस्पति-

अफ्रीका का अधिकांश भाग उष्णकटिबंधीय भाग में फैला है ।सब महाद्वीपों में उष्णकटिबंधीय परिस्थितियों का सबसे ज्यादा विस्तार अफ्रीका में ही आप देखेंगे। जिसके कारण जहां पर अत्यंत ही ऊंचा तापमान रहता है। संसार की सर्वाधिक गर्मी तापमान यहीं पर दर्ज है।

 जल- 
अफ्रीका महाद्वीप का बहुत बड़ा भाग सूखा है बावजूद बहुत से भागों में वर्षा होता है। यहां पर ऐसी कई नदियां है जो साल भर भारी मात्रा में वर्षा का जल बहाकर ले जाती हैं। इस जल का अधिकांश भाग सिंचाई के काम आता है ।बहुत सी ऐसी यहां पर नदियां हैं जो जलप्रपात की श्रृंखला भी बनाती हैं। जंबेजी  नदी पर निर्मित करीबा बांध से अफ्रीका में सबसे अधिक जल विद्युत पैदा की जाती है ।मिस्र देश में नील नदी पर निर्मित असवान बांध अफ्रीका का एक अन्य बड़ा बांध है।

 खनिज- अफ्रीका में अनेक बहुमूल्य खनिज पाए जाते हैं ।संसार के देशों में सोना, हीरा ,प्लेटिनियम के उत्पादन में अफ्रिका का अत्यंत ही महत्वपूर्ण भूमिका है।

 

उत्तर प्रदेश सचिवालय

उत्तर प्रदेश का सचिवालय उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित है। सचिवालय से ही प्रदेश की सारी नीतियां बनाई जाती हैं और खास बात है कि सचिवालय में व् सभी विभाग हैं जिनके माध्यम से प्रदेश  की कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाता है। इस समय लगभग सचिवालय में 93 विभागो के माध्यम से विभिन्न सामाजिक, आर्थिक ,राजनीतिक, प्रशासनिक, धार्मिक, सांस्कृतिक आदि अन्य कार्यों को संपादित किया जा रहा है। इन तमाम विभागों के सबसे उच्च अधिकारी संबंधित विभाग के माननीय मंत्री महोदय होते हैं वहीं दूसरी तरफ शासन प्रशासन के दृष्टिकोण से अपर मुख्य सचिव अथवा प्रमुख सचिव होते हैं। प्रत्येक विभागों  को कार्यों के क्रियान्वयन की सुविधा के दृष्टिगत कई अन्य अनुभागों में विभक्त किया गया है।